उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य को दी ₹1252 करोड़ की सौगात, कुम्भ 2027 और बुनियादी ढांचे को मिलेगी नई मजबूती,,,,

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के चहुंमुखी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹1252 करोड़ की भारी-भरकम राशि को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस धनराशि का मुख्य हिस्सा कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों, आपदा प्रबंधन, शिक्षा और प्रदेश के महत्वपूर्ण कॉरिडोर प्रोजेक्ट्स पर खर्च किया जाएगा।
कुम्भ 2027 और गंगा कॉरिडोर पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश और हरिद्वार के स्वरूप को बदलने के लिए बड़े आवंटन किए हैं। इसमें ‘ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजना’ के तहत त्रिवेणी घाट के पुनरुद्धार हेतु ₹115 करोड़ और ‘हरिद्वार गंगा कॉरिडोर’ के अंतर्गत हर की पौड़ी के विकास के लिए ₹69.06 करोड़ की मंजूरी दी गई है। साथ ही कुम्भ मेला-2027 के मद्देनजर हरिद्वार में पेयजल आपूर्ति और सड़कों के मरम्मत कार्यों के लिए भी करोड़ों की राशि अवमुक्त की गई है।
सड़क और पर्यटन कनेक्टिविटी
टिहरी झील के चारों ओर 28 किमी लंबी रिंग रोड के निर्माण में तेजी लाने के लिए भूमि अधिग्रहण और वन भूमि हस्तान्तरण (NPV) हेतु ₹56.07 करोड़ की पहली किस्त स्वीकृत की गई है। वहीं, सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला में ‘एस्ट्रो टूरिज्म’ को बढ़ावा देने के लिए कैलाश मानसरोवर मार्ग पर 8 इग्लू डोम हटों का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए ₹4.67 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
शिक्षा और कार्मिकों का कल्याण
राज्य सरकार ने शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए समग्र शिक्षा के अंतर्गत वेतन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए ₹446 करोड़ का प्रावधान किया है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश के 21 अशासकीय महाविद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान हेतु ₹77.69 करोड़ की राशि अवमुक्त की गई है, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।
विधायक निधि और आपदा प्रबंधन
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी 70 विधायकों को उनके क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए ₹5 करोड़ प्रति विधायक की दर से कुल ₹350 करोड़ की विधायक निधि जारी करने का अनुमोदन किया है। इसके साथ ही, मानसून और आपदा की संवेदनशीलता को देखते हुए ‘आपदा न्यूनीकरण निधि’ के तहत प्रत्येक जनपद को ₹1-1 करोड़ (कुल ₹13 करोड़) की राशि त्वरित राहत कार्यों के लिए आवंटित की गई है।
अन्य महत्वपूर्ण स्वीकृतियां:
- स्वास्थ्य: शहरी स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के लिए ₹56.35 करोड़ की स्वीकृति।
- पार्किंग: लोहाघाट (चम्पावत) में नई सरफेस पार्किंग का निर्माण।
- सुरक्षा: देहरादून के रायपुर क्षेत्र में सौंग नदी के तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य हेतु ₹4.22 करोड़।
- आवास: टनकपुर थाने और मसूरी स्थित अकादमी में नए आवासीय भवनों का निर्माण।
