उत्तराखंड बद्रीनाथ मंदिर भेंट चोरी प्रकरण, BKTC कर्मी प्रमोद नौटियाल देहरादून से गिरफ्तार, SIT जांच में सीसीटीवी से खुले कई राज,,,

देहरादून/चमोली: उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध धाम श्री बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट गणना के दौरान हुई वित्तीय अनियमितता और चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के आरोपी कार्मिक प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्री बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
🔴 विभागीय जांच में हुआ था खुलासा
यह पूरा मामला 02 जुलाई, 2026 का है, जब बद्रीनाथ मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की बात सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए BKTC के माननीय अध्यक्ष के निर्देश पर एक विभागीय जांच समिति का गठन किया गया था। समिति की प्राथमिक जांच में सामने आया कि मंदिर समिति के ही कर्मी प्रमोद नौटियाल ने भेंट गणना स्थल से अवैध रूप से धनराशि और अन्य कीमती सामग्री को अपने निजी हित के लिए चोरी-छिपे वहां से गायब किया।
इसके बाद, मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की लिखित तहरीर के आधार पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में BNS की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
🔴 SIT का गठन और सीसीटीवी फुटेज से खुला ‘खेल’
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली, श्री सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के निकट पर्यवेक्षण में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
SIT ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। जब टीम ने 02 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला, तो आरोपी की करतूत साफ नजर आ गई। फुटेज में स्पष्ट दिखा कि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल कई बार गणना कक्ष से पैसे और अन्य भेंट सामग्री को अपने मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा अपनी जेब में रखकर बाहर ले जा रहा था।
🔴 कैश, सोने-चांदी के सिक्के और केसर भी चुराया
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने केवल नकदी ही नहीं, बल्कि अलग-अलग समय पर:
- ₹500 के नोटों की गड्डियां
- सोने और चांदी के सिक्कों के पैकेट
- पवित्र शालिग्राम शिला
- केसर के पैकेट
को भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लेकर गायब कर दिया था।
🔴 देहरादून से हुई गिरफ्तारी
पुख्ता सबूतों, गवाहों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने 12 जुलाई, 2026 की रात अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को देहरादून स्थित उसके आवास से धर दबोचा। पुलिस द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
