“देहरादून में हुआ दर्दनाक हादसा” बिजली का खंभा लगाते समय 11 KV लाइन की चपेट में आए 5 मजदूर, एक की मौत और चार मजदूर गंभीर रूप से घायल,,,,

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत बिजली का खंभा लगा रहे एक निजी कंपनी के पांच कर्मचारी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। 11 हजार वोल्ट की लाइन से खंभा छू जाने के कारण उसमें जोरदार करंट दौड़ गया, जिससे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
🔴 हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह सभी कर्मचारी एक निजी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से बिजली सुदृढ़ीकरण कार्य में लगे हुए थे। रविवार को जब वे ओम सिटी के पास नया खंभा खड़ा कर रहे थे, तभी अचानक वह पास से गुजर रही 11 KV की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। करंट इतना शक्तिशाली था कि पांचों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
इस हादसे में उमेश कुमार नामक कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, पप्पू और जसमान सहित चार अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
🟢 सभी पीड़ित उत्तर प्रदेश के निवासी
पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी कर्मचारी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं। मृतक उमेश कुमार के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना रविवार को घटित हुई थी, लेकिन इसका खुलासा बाद में हुआ।
🔴 मामले की जांच में जुटी पुलिस
पटेल नगर कोतवाली के प्रभारी विनोद गुसाईं ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:
”अस्पताल प्रशासन से करंट लगने और कर्मचारियों के भर्ती होने की सूचना मिली थी, जिसमें एक कर्मचारी की मौत की बात सामने आई। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है।”
इस हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदारों द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार्य के दौरान शटडाउन लिया गया था या नहीं और सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा था या नहीं।
