उत्तराखंड बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में तीसरा आरोपी जेपी कंपनी का सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार, दान पात्र से पैसे और आभूषण चुराकर बनाता था उनकी फोटो,,,

चमोली/बदरीनाथ: चर्चिलत बदरीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और बदरीनाथ के पास लामबगड़ स्थित जेपी कंपनी में सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किए गए आभूषण, सिक्के और नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार (निवासी वार्ड नंबर-3, नूरपुर, कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। वह लामबगड़ स्थित जल विद्युत परियोजना की जेपी कंपनी में सुरक्षाकर्मी था और कंपनी के अधिकारियों व उनके रिश्तेदारों को भगवान बदरीनाथ के दर्शन कराने की जिम्मेदारी संभालता था। इसी आड़ में वह चढ़ावा गणना के दौरान अक्सर गणना कक्ष में मौजूद रहता था और मौका पाकर हाथ साफ कर लेता था। दो जुलाई की गणना के सीसीटीवी फुटेज में वह बार-बार दान सामग्री उठाकर अपनी जेब में डालते हुए साफ दिखाई दे रहा था।
🔴 पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस ने लामबगड़ स्थित उसके आवास से उसे हिरासत में लिया और बदरीनाथ थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने खुलासा किया कि चोरी की गई सामग्री में से कुछ उसने अपने आवास पर छुपा रखी थी, कुछ सामान यात्रियों को बेच दिया और कुछ सामग्री मेहमानों को उपहार (गिफ्ट) के रूप में दे दी थी। पुलिस अब इस मामले में मंदिर समिति से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है और उनसे पूछताछ जारी है।
🔴 बरामद सामान की सूची
पुलिस ने आरोपी के आवास पर छापेमारी कर चोरी का काफी सामान बरामद किया है, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- सफेद धातु की पैर की बिछिया
- चार सफेद धातु के कर्णफूल
- एक पीली धातु की नोज रिंग (नथ)
- सात सफेद व तांबे धातु के सिक्के
- सफेद धातु के दो टुकड़े और एक चकोर प्रतिमा
- सफेद धातु के दो छोटे कंगन और एक छोटा सिक्का
- एक हाथ का ब्रेसलेट
- एक सफेद धातु का छोटा दंड (जिस पर मोर पंख और लाल रंग का नग लगा है)
- चोरी की सामग्री से अर्जित किए गए 6,000 रुपये नकद
🔴 चोरी के सामान की फोटो खींचने का था शौक
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से चौंकाने वाले सबूत मिले हैं। उसके फोन में चोरी किए गए सामान की कई तस्वीरें मिली हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह चुराए गए हर सामान को एक चादर पर सजाकर उसकी फोटो खींचता था। पुलिस ने उस चादर को भी बतौर सबूत अपने कब्जे में ले लिया है।
