
देहरादून: जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जिला चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने हेतु ₹91 लाख की धनराशि जिला योजना मद से स्वीकृत की गई थी। अक्टूबर माह में आयोजित समीक्षा बैठक में दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे, जिनमें से अधिकांश कार्य अब पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनमानस के लिए सरकारी चिकित्सालय ही “स्वास्थ्य मंदिर” हैं, जिन्हें बेहतर, सुरक्षित और सुविधा-संपन्न बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नागरिक महंगी निजी स्वास्थ्य सेवाएं लेने में सक्षम नहीं होते, ऐसे में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन का लक्ष्य है। कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वयं जिलाधिकारी द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
जिला चिकित्सालय में अब तक पूर्ण किए गए प्रमुख कार्यों में विभिन्न विभागों में फर्नीचर, पैनल एवं अलमारी की मरम्मत, कलर कोडेड फुट ऑपरेटेड बीएमडब्ल्यू डस्टबिन की स्थापना, सामान्य कूड़े हेतु फुट ऑपरेटेड डस्टबिन, कंप्यूटर एवं प्रिंटर की आपूर्ति, बेडसाइड स्क्रीन, बेंच एवं ट्रे की व्यवस्था, लेबर रूम हेतु नियोनेटल सक्शन मशीन, लेबर रूम सुदृढ़ीकरण, एसएनसीयू (स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट) का विस्तारीकरण, वार्डों में ऑक्सीजन फ्लो मीटर, समस्त चिकित्सालय स्टाफ के लिए यूनिफॉर्म, दिव्यांगजनों हेतु शौचालय निर्माण, जनरल ओटी के लिए स्टेरलाइजेशन ड्रम, पुराने चिकित्सालय भवन की मरम्मत, एसएनसीयू हेतु बेबी हग, ट्रायज एरिया में बेडसाइड लॉकर एवं विद्युत फिटिंग, तथा गायनी ओटी की मरम्मत शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, अस्पताल की सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए फायर हाइड्रेंट, फायर अलार्म, वाटर हाइड्रेंट सिस्टम, स्मोक डिटेक्टर एवं स्प्रिंकलर सिस्टम की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। साथ ही चिकित्सालय भवन के मुख्य द्वार से पोस्ट तक इंटरलॉकिंग टाइल्स, पोस्टमार्टम हाउस एवं ऑक्सीजन प्लांट के समीप टीन शेड रेनबसेरा का निर्माण भी शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। ऑर्थोपेडिक ओटी एवं रेडियोलॉजी स्टाफ हेतु शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्यों की प्रक्रिया भी गतिमान है।
जिला प्रशासन का कहना है कि आगामी एक माह के भीतर शेष कार्य भी पूर्ण कर लिए जाएंगे, जिससे जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को और अधिक बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
