मिस उत्तराखंड-2026 में कनखल की बेटी नंदिनी कौशिक बनीं फर्स्ट रनर-अप, माता पिता और धर्मनगरी का नाम किया रोशन,,,
हरिद्वार। देहरादून में आयोजित प्रतिष्ठित ‘मिस उत्तराखंड-2026’ सौंदर्य प्रतियोगिता में कनखल (हरिद्वार) निवासी नंदिनी कौशिक ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ‘प्रथम रनर-अप’ का खिताब अपने नाम किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा उन्हें चारों ओर से बधाइयां मिल रही हैं।
🫅 कड़े मुकाबले में हासिल किया मुकाम
पहाड़ी बाजार, कनखल की रहने वाली नंदिनी कौशिक ने देहरादून में संपन्न हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा उनके आत्मविश्वास और हुनर को सराहते हुए उन्हें प्रथम रनर-अप चुना गया और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
🫅 संघर्षों के बीच जारी रखी पढ़ाई और सपने
नंदिनी का यह सफर संघर्षों भरा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय मनीष कौशिक का देहांत हो चुका है, जिसके बाद उनकी माता रजनी कौशिक ने एक निजी संस्थान में नौकरी करते हुए परिवार को संभाला। नंदिनी ने अपनी प्रारंभिक से लेकर 12वीं तक की शिक्षा हरिहरानंद स्कूल, कनखल से पूरी की। वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई कर रही हैं।
नंदिनी का कहना है कि उनका लक्ष्य अपनी मेहनत के दम पर हरिद्वार और उत्तराखंड का नाम देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक पटल पर गौरवान्वित करना है।

