उत्तराखंड फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने सीएम धामी से की मुलाकात, सरकार ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा,,,

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक एवं स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान रवि ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट से जुड़ी तकनीकी जानकारी, अब तक हुई प्रगति और आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
🟢 युवाओं के नवाचार और तकनीकी क्षमता की सराहना
मुख्यमंत्री धामी ने रवि टम्टा के इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रचुर प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराने हेतु पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने उद्योग सचिव को रवि के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग और सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिए।
🟢 एयरोस्पेस और तकनीकी क्षेत्र में बढ़ रहे युवा

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में उत्तराखंड के युवा लगातार आगे बढ़ रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और एयरोस्पेस जैसे आधुनिक क्षेत्रों में युवा नए प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह के नवाचार रोजगार के नए अवसरों, आत्मनिर्भरता और राज्य की आर्थिक प्रगति में अहम योगदान दे सकते हैं। मुलाकात के दौरान युवा उद्यमी रवि टम्टा ने बताया कि वह अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट पर लगातार काम कर रहे हैं और इसे और अधिक विकसित करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं।
