उत्तराखंड हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में एसटीएफ और पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध कोडीन सिरप की कई बोतलों के साथ मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार,,,,

हरिद्वार। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत एसटीएफ, एएनटीएफ, ड्रग विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण और बिक्री करने वाले एक मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 200 बोतल कोडीन सिरप और उसकी वैगनआर कार बरामद की गई है।
🔴 वैभव मेडिकल स्टोर का संचालक है आरोपी
एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, संयुक्त टीम हरिद्वार क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान गोपनीय सूचना मिली कि सराय स्थित ‘वैभव मेडिकल स्टोर’ का संचालक आकाश छाबड़ा अपने आर्य नगर स्थित आवास पर अवैध रूप से कोडीन युक्त सिरप का भंडारण कर रहा है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए संयुक्त टीम ने आरोपी के फ्लैट और उसकी वैगनआर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो पेटियों में कुल 200 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुआ। जब टीम ने सिरप के भंडारण, खरीद और बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
🔴 नशेड़ियों को फुटकर में बेचता था सिरप
पुलिस पूछताछ में आरोपी आकाश छाबड़ा पुत्र सुरेश छाबड़ा (निवासी: आर्य नगर, थाना ज्वालापुर) ने स्वीकार किया कि वह नशा करने वाले लोगों को फुटकर में यह सिरप बेचकर अवैध रूप से मुनाफा कमा रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी कार को भी कब्जे में ले लिया है।
🔴 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ ज्वालापुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार में जुड़े अन्य आपूर्तिकर्ताओं की जानकारी जुटाई जा रही है, और जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय सिंह ने आमजन से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ को दें। उन्होंने दोहराया कि ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ यह कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
