उत्तराखंड हरिद्वार कुंभ मेला 2027 की तैयारियां तेज, भीमगोड़ा के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार सहित होगा सड़कों का कायाकल्प और अतिक्रमण पर चलेगा पीला पंजा,,,,

हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ मेला 2027 को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि मेले से पहले क्षेत्र की सड़कों का चौड़ीकरण और कायाकल्प किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
🟢 भीमगोड़ा कुंड का होगा सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार

पौराणिक भीमगोड़ा कुंड के महत्व को देखते हुए इसके जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) को सौंपी गई है। मुख्य सचिव ने एचआरडीए के उपाध्यक्ष को इस कार्य को तत्काल प्रभाव से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। योजना के तहत कुंड के आसपास सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रवेश द्वार, यात्रियों के लिए सुगम व्यवस्था और प्रकाश की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
🔴 सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुगम बनाने के निर्देश

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए हैं कि दूधिया चौक से मुरादवाला और अन्य बाईपास मार्गों को 10 से 11 मीटर चौड़ा किया जाए। इसके साथ ही सड़कों के किनारे फुटपाथ, रैलिंग, और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले के दौरान यातायात सुचारू रूप से चलता रहे और किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति न बने।
🔴 अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा और सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि हरिद्वार में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़कों और पटरियों पर अवैध कब्जा करने वालों का सामान जब्त करने के साथ-साथ उनके खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे। प्रशासन ने पटरी और रेहड़ी-ठेलियों से होने वाले अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान शुरू कर दिया है, जिससे रास्ते पूरी तरह साफ और चौड़े रहें।
