उत्तराखंड में यहां हुई राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक, आयुक्त रंजना राजगुरु ने ई-ऑफिस को पूर्णत ऑनलाइन करने और फार्मर रजिस्ट्री में गति लाने के दिए निर्देश,,,,

टिहरी गढ़वाल। रंजना राजगुरु (आयुक्त एवं सचिव, राजस्व परिषद / सचिव, आयुष एवं आयुष शिक्षा, उत्तराखण्ड शासन) की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यकलापों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।
🟢 तहसीलदारों के प्रशिक्षण और डिजिटल गवर्नेंस पर विशेष जोर
बैठक के दौरान आयुक्त रंजना राजगुरु ने राजस्व विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने तहसीलदारों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए उनके नियमित प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही एमएमआर (MMR) कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने और ई-ऑफिस प्रणाली को शत-प्रतिशत ऑनलाइन संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को पाबंद किया।
🟢 कोर्ट केसों के व्यवस्थित निस्तारण पर जताई प्रसन्नता
न्यायालयों में लंबित वादों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने टिहरी जनपद की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद में कोर्ट केसों का व्यवस्थित और समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है, जो कि अत्यंत सराहनीय है।
🟢 जिलाधिकारी ने प्रस्तुत की जनपद की प्रगति रिपोर्ट
बैठक में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल, नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत की। साथ ही उन्होंने तहसीलवार कुल राजस्व वादों की वर्तमान स्थिति और उनकी प्रगति रिपोर्ट से भी मुख्य अतिथि को अवगत कराया।
🟢 इन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा और कार्ययोजना तैयार की गई, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- राजस्व न्यायालयों के कार्यकलापों और बकाया वसूली की स्थिति।
- तहसील के आवासीय व अनावासीय निर्माणाधीन भवनों की अद्यतन स्थिति।
- राजस्व उप निरीक्षक एवं राजस्व निरीक्षक चौकियों के निर्माणाधीन भवनों की प्रगति।
- नक्शा प्रोजेक्ट की स्थिति और अंश निर्धारण की कार्यवाही को पूर्ण करने की योजना।
- माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा।
- एग्रीस्टेक (AgriStack), ई-ऑफिस संचालन, रिकॉर्ड रूम के रख-रखाव तथा वीडिंग आदि कार्यों की समीक्षा।
🟢 बैठक में यह अधिकारी रहे उपस्थित
इस उच्चस्तरीय बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, उपजिलाधिकारी (SDM) आशीष घिडियाल, मंजू राजपूत, कमलेश मेहता सहित जनपद के समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग के मुख्य कार्मिक उपस्थित रहे।
