उत्तराखंड रुद्रपुर में जंगल में ले जाकर तीन युवकों ने युवती से सामूहिक दुष्कर्म कर झाड़ियों में फेंका, जांच में जुटी पुलिस टीम,,,,

रुद्रपुर: शहर में शनिवार रात एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मूलरूप से गढ़वाल की रहने वाली 19 वर्षीय युवती रुद्रपुर में किराए पर रहकर सिडकुल की एक निजी कंपनी में काम कर रही है।
“अपनी सहेली और दो युवकों के साथ घूमने गई थी पीड़िता, तीन अन्य युवकों ने दिया वारदात को अंजाम”
शनिवार रात वह अपनी सहेली और दो अन्य युवकों के साथ भूड़ारानी रोड पर गई हुई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि तीनों ने जबरन दोनों युवकों और दोनों युवतियों को उनकी ही बाइक पर बैठाकर गदरपुर की ओर ले जाना शुरू कर दिया। रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि दूसरे युवक और युवती को आरोपी गदरपुर क्षेत्र की ओर ले गए।
वहां उन्होंने रास्ते में युवक को उतार दिया, जबकि युवती को घने जंगल में ले गए। पीड़िता का गंभीर आरोप है कि इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। रविवार सुबह आरोपी उसे ओमेक्स रेलवे अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए। साथियों द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर पुलिस ने तुरंत युवती की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद पुलिस को युवती बदहवास हालत में झाड़ियों में मिली। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
🟢 पुलिस अधिकारियों का बयान
”पीड़िता की सहेली की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तीव्र गति से तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी और दोषियों के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”– विभव सैनी, सीओ रुद्रपुर
घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तथा फॉरेसिक टीम ने तत्काल घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ मार्ग के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
