हरिद्वार में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, रानीपुर मोड़ स्थित ‘फाइव स्टार’ प्रतिष्ठान पर राज्य कर विभाग का छापा, 30 लाख की टैक्स विसंगति उजागर,,,

हरिद्वार। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने रानीपुर मोड़ स्थित एक प्रतिष्ठित ‘फाइव स्टार’ प्रतिष्ठान पर औचक छापेमारी की कार्रवाई की। इस जांच के दौरान जीएसटी से जुड़े दस्तावेजों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
“देहरादून की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB), सचल दल और ऑडिट इकाई ने खंगाले दस्तावेज; आईटीसी और स्टॉक रिकॉर्ड में मिली भारी गड़बड़ी”
प्राथमिक जांच में इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के आंकड़ों और मौके पर मौजूद भौतिक स्टॉक के बीच करीब 30 लाख रुपये की विसंगति पकड़ी गई है। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठान के वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त कर नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है।
🔴 संयुक्त टीम ने एक साथ शुरू की जांच पड़ताल

उपायुक्त जीएसटी सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए विशेष अनुसंधान शाखा, सचल दल और ऑडिट इकाई के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। देहरादून से आई टीम ने बुधवार को रानीपुर मोड़ स्थित प्रतिष्ठान पर पहुंचकर खरीद-बिक्री के बिलों, स्टॉक रजिस्टरों और आईटीसी से संबंधित फाइलों की बारीकी से पड़ताल की।
🔴 डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेज जब्त
जांच के दौरान प्रतिष्ठान के बही-खातों और वास्तविक स्टॉक में बड़ा अंतर देखने को मिला। इसके बाद टीम ने महत्वपूर्ण व्यावसायिक दस्तावेज और डिजिटल डेटा अपने कब्जे में ले लिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक मूल्यांकन में लगभग 30 लाख रुपये की कर विसंगति का अनुमान लगाया गया है।
🔴 विस्तृत मूल्यांकन के बाद तय होगा देय टैक्स
वर्तमान में विभाग द्वारा इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) और बिक्री के आंकड़ों का विस्तृत ऑडिट किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूर्ण जांच और ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम देय कर, पेनल्टी और आगामी दंडात्मक कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। प्रतिष्ठान प्रबंधन से इस संबंध में औपचारिक स्पष्टीकरण मांगा गया है।
छापेमारी की इस कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त चंचल कुमार और एसटीओ असद अहमद सहित राज्य कर विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
