हरिद्वार 120 साल पुरानी श्री रामलीला समिति (रजि.) में मंचन आज से प्रारंभ, रंगमंच पूजन के साथ श्रवण कुमार व कैलाश लीला से सजेगा रंगमंच,,,,
हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित मोहल्ला लक्कड़हारान की ऐतिहासिक श्री रामलीला समिति (रजि.) के 120वें वर्ष के उपलक्ष्य में आज, रविवार 4 अक्टूबर से रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ होने जा रहा है। आज रात्रि 9:00 बजे रंगमंच पूजन के साथ नाटक ‘श्रवण कुमार’ एवं ‘कैलाश लीला’ का सजीव मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रानीपुर विधायक माननीय श्री आदेश चौहान उपस्थित रहेंगे।
विगत 24 सितंबर को ध्वजारोहण एवं भगवत पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो चुकी थी और आज से 22 अक्टूबर तक चलने वाले प्रतिदिन के विशेष लीला प्रसंगों का क्रम आरंभ हो रहा है।
🏵️ 24 सितंबर से 22 अक्टूबर तक चलेगा मंचन
समिति के अनुसार, 120वें वर्ष के कार्यक्रम त्रयोदशी, गुरुवार 24 सितंबर 2026 से प्रारंभ होकर द्वादशी, गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 तक संपन्न होंगे।
- ध्वजारोहण एवं भगवत पूजन: 24 सितंबर 2026 को सायं 6:00 बजे श्री तन्मय वशिष्ठ (महामंत्री, श्री गंगा सभा, हरिद्वार) द्वारा संपन्न किया गया।
- रंगमंच पूजन एवं नाटक श्रवण कुमार, कैलाश लीला: 4 अक्टूबर 2026 को रात्रि 9:00 बजे, मुख्य अतिथि माननीय श्री आदेश चौहान (विधायक, रानीपुर) की उपस्थिति में।
- श्रीराम विवाह शोभायात्रा: 9 अक्टूबर 2026, सायं 5:00 बजे।
- दशहरा पर्व (रावण दहन): 20 अक्टूबर 2026 को सायं 6:00 बजे गुघाल मेला क्षेत्र (पाण्डेवाला, ज्वालापुर) में आयोजित होगा।
- भरत मिलाप शोभायात्रा: 21 अक्टूबर 2026, सायं 5:00 बजे।
- श्रीराम राज्याभिषेक: 22 अक्टूबर 2026 को रात्रि 8:00 बजे भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा।
🏵️ 119वें वर्ष के आय-व्यय का पारदर्शी ब्यौरा
समिति ने अपने 119वें वर्ष का वित्तीय विवरण भी सार्वजनिक किया है:
- कुल आय: ₹11,73,981 (जिसमें गत वर्ष का शेष, ज्वालापुर व हरिद्वार से प्राप्त सहयोग तथा राज्याभिषेक प्राप्ति शामिल हैं)।
- कुल व्यय: ₹8,48,931 (पात्र-वादक, दशहरा व शोभायात्रा, रंगमंच, प्रकाश-ध्वनि, वेशभूषा, साज-सज्जा आदि मदों में)।
- शेष धनराशि: ₹3,25,050।
🏵️ सामाजिक संदेश और सहभागिता
समिति द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत “बेटियां तो हैं ईश्वर का उपहार, मत छीनो इनके जीने का अधिकार – बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश भी प्रमुखता से प्रसारित किया गया है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति अध्यक्ष नितिन अधिकारी, मंत्री प्रदीप पत्थर वाले (रिंकू), प्रबंधक उदित वशिष्ठ, कोषाध्यक्ष शोभित खड़ेवाले, कार्यवाहक अध्यक्ष विशाल सिखौला, संगीत निर्देशक राजीव पोखरिया तथा समस्त संरक्षक व सहयोगी मंडल पूर्ण निष्ठा से जुटे हुए हैं। नगर के समस्त श्रद्धालुओं व प्रबुद्ध नागरिकों से कार्यक्रमों में सपरिवार सम्मिलित होकर धर्मलाभ उठाने की अपील की गई है।



