उत्तराखंड में यहां दोस्त ने की दोस्ती में दगा? दावत के बहाने बुलाकर युवक की गोली मारकर हत्या, सीमा विवाद में उलझी रही दो राज्यों की पुलिस,,,

रुड़की (हरिद्वार): हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवक को उसके दोस्तों ने दावत के बहाने घर से बुलाया और फिर गोली मारकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। इस हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, वारदात के बाद उत्तराखंड की मंगलौर पुलिस और उत्तर प्रदेश की पुरकाजी पुलिस कई घंटों तक क्षेत्राधिकार (सीमा) को लेकर असमंजस में रही। बाद में अधिकारियों के निर्देश पर हुए सीमांकन के बाद मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र का निकला, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
🔴 दावत के बहाने बुलाकर मारी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार (11 जुलाई) की शाम मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर जट्ट गांव निवासी गौरव (28 वर्ष) के पास उसके दोस्त सुमित का फोन आया था। सुमित ने दावत की बात कहकर गौरव को बाहर बुलाया। गौरव जब शिव मंदिर के पास पहुंचा, तो वहाँ उसके दो अन्य दोस्त डिंपल और आशीष पहले से मौजूद थे।
इसके बाद ये चारों लोग बूढ़पुर जट्ट स्थित एक ईंट भट्ठे के पीछे पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान वहाँ मोटरसाइकिल पर अनुज, रॉबिन और प्रद्युम्न नाम के तीन युवक पहुंचे और उन्होंने गौरव पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
🔴 सीमा विवाद में उलझी रही दो राज्यों की पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। वहीं, सूचना पाकर उत्तर प्रदेश की पुरकाजी और उत्तराखंड की मंगलौर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। लेकिन घटनास्थल दोनों राज्यों की सीमा पर होने के कारण दोनों थानों की पुलिस कई घंटों तक सीमा विवाद में उलझी रही कि मामला किस क्षेत्र का है। आखिरकार उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मौके का सीमांकन कराया गया, जिसमें घटनास्थल मंगलौर कोतवाली क्षेत्र (उत्तराखंड) में पाया गया। इसके बाद मंगलौर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
🔴 परिवार में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मृतक के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया गया है कि मृतक गौरव की कुछ साल पहले ही शादी हुई थी। वह एक फैक्ट्री में नौकरी करने के साथ ही अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था। गौरव अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे, एक भाई और एक बहन को छोड़ गया है। इस अचानक हुई वारदात से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है।
”पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता और बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”- शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात
अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोस्ती की आड़ में रची गई इस खूनी साजिश के पीछे का असली मकसद क्या था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
