उत्तराखंड गदरपुर को ₹28.30 करोड़ की विकास सौगात, सीएम धामी ने नए बस स्टेशन सहित 8 परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास,,,,,

उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ₹2,830.07 लाख (करीब ₹28.30 करोड़) की लागत वाली 8 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने फीता काटकर नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने ₹694.06 लाख की लागत से पूर्ण हुई परियोजनाओं का लोकार्पण और ₹2,136.01 लाख की नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में विकासखंड गदरपुर का नया कार्यालय भवन, हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग विशाल सामुदायिक भवन तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त गदरपुर बस स्टेशन शामिल हैं।
वहीं, शिलान्यास की गई परियोजनाओं में बाबा डल मंदिर से गुलरभोज तक कंक्रीट सड़क निर्माण, विभिन्न क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल सड़कें तथा ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण प्रमुख हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से गदरपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नए बस स्टेशन में यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, किचन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, नए विकासखंड कार्यालय भवन से ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान को भी मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण, चीनी मिल कर्मियों को सातवां वेतनमान दिलाने, गुलरभोज में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो पीजी पाठ्यक्रम शुरू कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ रुद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे, विधायक शिव अरोरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
