उत्तराखंड में बीआरओ भ्रष्टाचार मामला, उत्तराखंड के पांच जिलों में CBI ने की बड़ी छापेमारी, उत्तराखंड सहित इन प्रदेशों मे मचा हड़कंप,,,

देहरादून। सीमा सड़क संगठन (BRO) के निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने सोमवार को उत्तराखंड के पांच प्रमुख जिलों में एक साथ छापेमारी की। इस औचक कार्रवाई से संबंधित विभागों, अधिकारियों और ठेकेदारों के बीच हड़कंप मच गया।
🔴 इन पांच जिलों में एक साथ हुई कार्रवाई
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीमों ने प्रदेश के मुनस्यारी, पिथौरागढ़, नैनीताल, हरिद्वार और देहरादून में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जांच टीमों ने संदिग्ध अधिकारियों और ठेकेदारों के कार्यालयों, निजी आवासों तथा कैंप कार्यालयों को बारीकी से खंगाला। कार्रवाई को सुचारू रूप से अंजाम देने के लिए आवश्यकतानुसार स्थानीय पुलिस का सहयोग भी लिया गया।
🔴 वित्तीय रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
सीबीआई की देहरादून टीम ने कुमाऊं क्षेत्र के मुनस्यारी, पिथौरागढ़ और नैनीताल में मोर्चा संभाला, जबकि हरिद्वार और देहरादून में बाहरी राज्यों से आई टीमों ने जांच की कमान संभाली। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान टीमों ने निर्माण कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपने कब्जे में ले लिया है।
🔴 लंबे समय से चल रही थी जांच
बताया जा रहा है कि सीमा सड़क संगठन (BRO) के तहत हुए निर्माण कार्यों में गड़बड़ियों को लेकर सीबीआई लंबे समय से गोपनीय जांच कर रही थी। प्रारंभिक जांच में मिले पुख्ता इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर ही इस व्यापक छापेमारी की रूपरेखा तैयार की गई थी।
🔴 बड़े खुलासे होने की उम्मीद
फिलहाल, सीबीआई जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण कर रही है। हालांकि एजेंसी की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक या विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं और कुछ रसूखदार लोग कानून के शिकंजे में आ सकते हैं।
