उत्तराखंड देहरादून में मिलावटखोरी के खिलाफ FDA का बड़ा छापा, तीन रेस्टोरेंट बंद, दूध-पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे,,,

देहरादून: राजधानी देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा अभियान चलाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयुक्त विनय शंकर पांडे के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने शहर के प्रमुख होटलों, रेस्टोरेंटों और दुग्ध प्रतिष्ठानों में सघन जांच की।
कार्रवाई के दौरान राजपुर रोड स्थित राजीव (पुत्र दरवारी लाल), गढ़वाल भोजनालय और लजीज काठी रोल नामक तीन रेस्टोरेंटों में गंभीर गंदगी, अस्वच्छता और वैध लाइसेंस न होने पर उन्हें मौके पर ही बंद करा दिया गया। इसके अलावा होटल मधुवन, जेएसआर और सरोवर पोर्टिको में किचन, स्टोर और पैकेजिंग मानकों की जांच की गई, जहां से दाल, चीज और पनीर के नमूने लिए गए तथा पैक्ड इमली पर गलत लेबलिंग पाए जाने पर निर्माता को नोटिस जारी किया गया।
उधर, नेहरू ग्राम और छह नंबर पुलिया क्षेत्रों में दुग्ध प्रतिष्ठानों से दूध और खुले पनीर के सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी और अस्वच्छता पर जीरो टॉलरेंस की नीति रहेगी और रिपोर्ट में खामी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह जांच अभियान शहर में आगे भी जारी रहेगा।
