उत्तराखंड शहादत को नमन, अल्मोड़ा का लाल देश पर हुआ अमर, यादों को संजोने के लिए अल्मोड़ा में बनेगा ‘स्मृति द्वार’,,,

अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अल्मोड़ा के पांडेखोला स्थित शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वहां शहीद के माता-पिता, भाई और अन्य परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियां इससे प्रेरणा लेंगी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का पूर्ण भरोसा दिया। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि शहीद की स्मृति को अक्षुण्ण रखने के लिए अल्मोड़ा में उनके नाम पर एक भव्य गेट का निर्माण कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सेना के एक विशेष अभियान के दौरान देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। मुख्यमंत्री ने कहा, “शहीदों का सम्मान और उनके आश्रितों की देखभाल करना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कठिन समय में पूरा प्रदेश और राज्य सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।”
इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, विभिन्न जनप्रतिनिधि सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
