उत्तराखंड पुलिस महकमे में हुआ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर सहित इन 5 जिलों के कप्तान बदले, 17 अधिकारियों का भी हुआ तबादला,,,

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईपीएस एवं प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। बुधवार को जारी शासनादेश के तहत नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी और चमोली समेत कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी/एसएसपी) का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रमुख जिलों के नए कप्तान

शासनादेश के अनुसार, नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी को हटाकर 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। उनके स्थान पर एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
ऊधमसिंह नगर जिले की कमान अब मणिकांत मिश्रा को सौंपी गई है, जो अब तक पुलिस अधीक्षक अभिसूचना के पद पर तैनात थे। वहीं, ऊधमसिंह नगर के निवर्तमान एसएसपी अजय गणपति कुमार को एसडीआरएफ का सेनानायक बनाया गया है।
पौड़ी जिले के एसएसपी सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के सेनानायक देवेंद्र पींचा को पौड़ी का नया एसएसपी बनाया गया है। इसी प्रकार, टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक नियुक्त किया गया है और उनके स्थान पर सरिता डोभाल (एसपी सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय) को टिहरी का नया एसएसपी बनाया गया है।
अन्य जिलों और बटालियनों में हुए बदलाव
- बागेश्वर व चमोली: नैनीताल के एसपी सिटी जगदीश चंद्र को बागेश्वर का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है, जबकि बागेश्वर के एसपी जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। पुलिस मुख्यालय में तैनात अमित श्रीवास्तव (द्वितीय) को चमोली का नया एसपी बनाया गया है, और चमोली के वर्तमान एसपी सुरजीत पंवार को पुलिस मुख्यालय में तैनाती दी गई है।
- पीएसी व आईआरबी वाहिनी: 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के सेनानायक पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम (बेलपड़ाव) का सेनानायक बनाया गया है। वहीं, आईआरबी प्रथम (बेलपड़ाव) के सेनानायक हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का नया सेनानायक नियुक्त किया गया है।
- मुख्यालय व अन्य जिम्मेदारियां: आईआरबी द्वितीय की सेनानायक विशाखा अशोक भदाणे को एसपी पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। एसपी सीआईडी सेक्टर देहरादून अमित श्रीवास्तव (प्रथम) को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त, अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात निदेशालय) शाहजहां जावेद खान को पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस नियुक्त किया गया है।
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, कार्यभार ग्रहण प्रमाणक की प्रति पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
