उत्तराखंड अंकिता भंडारी के माता-पिता के धरने के बाद विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज, कांग्रेस ने भी दिया समर्थन,,,,

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में दिवंगत बेटी की निजता और प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने के मामले में देहरादून पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता एवं पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य तथा उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे पूर्व, शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज अंकिता के माता-पिता ने बुधवार को गांधी पार्क में धरना दिया, जिसे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का भरपूर समर्थन मिला।
क्या है पूरा मामला?

अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और सोनी देवी ने कुछ दिन पहले राजपुर थाने में तहरीर दी थी। उनका आरोप है कि पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य ने 15 नवंबर को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता और उसके एक मित्र के बीच हुई निजी व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए और उन्हें तोड़-मरोड़कर पेश किया। परिजनों ने इसे दिवंगत बेटी की निजता और मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
गांधी पार्क में धरना और एडीजी से मुलाकात
शिकायत पर तत्काल कार्रवाई न होने से क्षुब्ध अंकिता के माता-पिता बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। धरने के बाद परिजनों ने अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात की, जिन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके पश्चात देर शाम राजपुर थाने में विनोद आर्य और वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ ‘जीरो एफआईआर’ (Zero FIR) दर्ज कर ली गई। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने पुष्टि की है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चूंकि घटनास्थल हरिद्वार क्षेत्र का है, इसलिए प्राथमिकी को जांच के लिए हरिद्वार स्थानांतरित किया जाएगा।
अंकिता के माता-पिता के संघर्ष में साथ खड़ी है कांग्रेस: गोदियाल

गांधी पार्क में धरने पर बैठे अंकिता के परिजनों को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा लगा। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप और लालचंद शर्मा मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने अंकिता के माता-पिता के साथ गांधी पार्क से डीजीपी कार्यालय तक मार्च निकाला और पुलिस अधिकारियों से विनोद आर्य के खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में पूर्ण न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा और पार्टी पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
