उत्तराखंड बनबसा सैन्य स्टेशन में 23 से 29 नवंबर तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली, चम्पावत और पिथौरागढ़ के युवा लेंगे हिस्सा,,,

चम्पावत: भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देख रहे सीमांत जनपद चम्पावत और पिथौरागढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। बनबसा सैन्य स्टेशन में 23 से 29 नवंबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। भर्ती वर्ष 2027 के लिए उत्तराखंड में आयोजित होने वाली रैलियों की श्रृंखला में यह तीसरी रैली है, जिसका संचालन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ), पिथौरागढ़ द्वारा किया जाएगा।
जनपद एवं श्रेणीवार भर्ती कार्यक्रम

सेना भर्ती कार्यालय, पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबडघाव ने भर्ती कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं:
- 23, 24 और 25 नवंबर: पिथौरागढ़ जनपद के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों की भर्ती।
- 26 और 27 नवंबर: चम्पावत जनपद के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों की भर्ती।
- 27 नवंबर: दोनों जनपदों (चम्पावत और पिथौरागढ़) के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण) श्रेणियों के अभ्यर्थियों की भर्ती।
प्रवेश पत्र और मूल दस्तावेज अनिवार्य
कर्नल दबडघाव ने स्पष्ट किया कि इस रैली में केवल वही अभ्यर्थी हिस्सा ले सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है। सभी पात्र अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में अंकित तिथि और समय पर बनबसा सैन्य स्टेशन पर रिपोर्ट करना होगा। साथ ही, उन्हें प्रवेश पत्र के अतिरिक्त भर्ती अधिसूचना में उल्लिखित सभी मूल दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने होंगे।
दलालों से सावधान रहने और दस्तावेजों में छेड़छाड़ न करने की चेतावनी
भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने पर जोर देते हुए कर्नल दबडघाव ने कहा कि भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल योग्यता के आधार पर संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भर्ती कराने का झांसा देने वाले किसी भी दलाल, एजेंट या बिचौलिए के बहकावे में न आएं और न ही किसी को धनराशि दें, क्योंकि कोई भी बाहरी व्यक्ति चयन प्रक्रिया को प्रभावित नहीं कर सकता।
इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की हेरफेर से बचने की सख्त हिदायत दी गई है। एक से अधिक आधार पहचान पत्रों का उपयोग करने या शैक्षिक प्रमाणपत्रों में जन्मतिथि बदलने जैसी किसी भी धोखाधड़ी के पकड़े जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
