उत्तराखंड के तीन दिवसीय प्रवास पर आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, ‘पंच परिवर्तन’ और नशामुक्ति पर करेंगे मंथन, शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में भी होंगे शामिल,,,

देहरादून / हरिद्वार: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत आज शुक्रवार, 20 नवंबर से उत्तराखंड के तीन दिवसीय (20 से 22 नवंबर) प्रवास पर रहेंगे। प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल के अनुसार, इस दौरान वे रुड़की और हरिद्वार में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
शताब्दी वर्ष की समीक्षा और ‘पंच परिवर्तन’ पर मार्गदर्शन
रुड़की में आयोजित बैठकों में डॉ. भागवत क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत चलाए गए सेवा कार्यों की समीक्षा करेंगे। इस संवाद में प्रदेश में चल रहे नशामुक्ति अभियानों को जन-सहभागिता से और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तय की जाएगी। इसके साथ ही वे समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए संचालित ‘पंच परिवर्तन’ अभियान के पांच प्रमुख आयामों—सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, ‘स्व’ का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य—को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल

प्रवास के दौरान सरसंघचालक हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के भव्य शताब्दी समारोह में भी सहभागिता करेंगे। आध्यात्म, शिक्षा और समाज सुधार के क्षेत्र में गायत्री परिवार के योगदान को देखते हुए इस आयोजन में उनकी उपस्थिति को विशेष माना जा रहा है। डॉ. भागवत के दौरे के मद्देनजर हरिद्वार और रुड़की में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
