“उत्तराखंड स्थापना दिवस” पर नैनीताल में 9 नवंबर को सजेगा ‘हिमालयन फूड फेस्टिवल’, बागेश्वर की ट्राउट मछली होगी मुख्य आकर्षण, एंट्री फ्री,,,,

नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सरोवर नगरी नैनीताल के मल्लीताल फ्लैट्स में 9 नवंबर को भव्य ‘हिमालयन फूड फेस्टिवल’ का आयोजन किया जा रहा है। पर्यटन विभाग की पहल पर आयोजित होने वाले इस मेले में पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को खूबसूरत वादियों के बीच कुमाऊं के पारंपरिक लजीज व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। इस बार बागेश्वर की प्रसिद्ध हिमालयन ट्राउट मछली इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी।
10 से 12 प्रमुख होटल लगाएंगे स्टॉल

जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य के अनुसार, इस फूड फेस्टिवल में नैनीताल शहर और जिले के कई नामी होटल भाग ले रहे हैं। इनमें ‘नैनी रिट्रीट’, ‘आरिफ कैसल’ और ‘मस्कोटिया’ सहित लगभग 10 से 12 प्रमुख होटल अपने-अपने स्टॉल लगाकर स्थानीय व्यंजनों को विशेष अंदाज में परोसेंगे। इस पहल से पर्यटकों को एक ही मंच पर विभिन्न प्रतिष्ठित होटलों के पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद लेने की सुविधा मिलेगी।
बागेश्वर की हिमालयन ट्राउट बनेगी केंद्र बिंदु

समारोह का मुख्य आकर्षण बागेश्वर के ठंडे पानी में पाली जाने वाली प्रसिद्ध हिमालयन ट्राउट मछली होगी। इसके अलावा स्टॉलों पर पहाड़ी दालों, मोटे अनाज, स्थानीय सब्जियों और पारंपरिक मसालों से तैयार प्रामाणिक पहाड़ी पकवान उपलब्ध रहेंगे, जिससे आगंतुकों को उत्तराखंड की समृद्ध खानपान संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलेगा।
पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को संबल

पर्यटन विभाग का उद्देश्य नैनीझील और प्राकृतिक नजारों के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक और खानपान विरासत को भी पर्यटन से जोड़ना है। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय होटल कारोबारियों को अपनी पाक-कला प्रदर्शित करने का मंच मिलता है और राज्य के परंपरागत व्यंजनों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है।
सभी के लिए प्रवेश निःशुल्क

आयोजकों ने बताया कि इस फूड फेस्टिवल में किसी विशेष पास या निमंत्रण की आवश्यकता नहीं है। कार्यक्रम पूरी तरह ‘ओपन टू ऑल’ रखा गया है। 9 नवंबर को मल्लीताल फ्लैट्स मैदान में स्थानीय नागरिकों के साथ ही नैनीताल भ्रमण पर पहुंचे सभी पर्यटक निःशुल्क प्रवेश कर इन पारंपरिक जायकों का आनंद ले सकते हैं।
