उत्तराखंड के लैंसडौन पहुंची कांग्रेस की न्याय यात्रा, वोट चोरी, अंकिता हत्याकांड और बेरोजगारी पर सरकार का किया विरोध,,,

लैंसडौन। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर निकाली जा रही ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ न्याय यात्रा लैंसडौन पहुंची। यात्रा एमईएस तिराहे से शुरू होकर जिला सैनिक कल्याण मार्ग और गुरुद्वारा मार्ग से होते हुए गांधी चौक पर पहुंची, जहां वह एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गई।
🔴 न्याय यात्रा में सरकार पर तीखे आरोप

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में रसूखदार लोगों को बचाने का प्रयास किया गया और पूरे मामले में लीपापोती की गई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में वोट चोरी और अधिकारों का हनन गंभीर विषय है। यात्रा संयोजक रघुवीर बिष्ट ने अंकिता के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग दोहराई। वहीं पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला और प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी ने प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और चरमराई कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा निशाना साधा।
🔴 जनता सिखाएगी सबक

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्य की जनता सरकार की कार्यप्रणाली से त्रस्त है और आगामी चुनावों में लोकतांत्रिक तरीके से सबक सिखाने का मन बना चुकी है। उधर देहरादून में प्रदेश कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष राजीव महर्षि ने कहा कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ निकाली जा रही इस न्याय यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। इस दौरान कई प्रमुख स्थानीय लोगों और पूर्व भाजपाइयों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की।
