उत्तराखंड UTET परीक्षा में सॉल्वर गैंग की सेंधमारी नाकाम, कोटद्वार में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा मुन्नाभाई रंगे हाथ गिरफ्तार,,,

कोटद्वार। उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET) के दौरान कोटद्वार में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए एक ऐसे फर्जी परीक्षार्थी को रंगे हाथ दबोचा है, जो मूल अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।
“घायल अभ्यर्थी विशाल कुमार की जगह बिजनौर से आया था फर्जी परीक्षार्थी हिमांशु; बेरोज़गार संघ की सूचना पर प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई”
पकड़ा गया आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी है, जिसे परीक्षा केंद्र से ही हिरासत में ले लिया गया।
🔴 सरस्वती विद्या मंदिर केंद्र पर हुई गिरफ्तारी

मिली जानकारी के अनुसार, कोटद्वार स्थित मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा केंद्र प्रभारी/प्रधानाचार्य चंदन के निर्देशन में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही थी। इसी दौरान उत्तराखंड बेरोज़गार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल को पुख्ता सूचना मिली कि काशीपुर निवासी मूल अभ्यर्थी विशाल कुमार हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था और उसकी जगह कोई अन्य व्यक्ति परीक्षा में शामिल हुआ है।
🔴 फोटो मिलान न होने से खुला भेद
बेरोज़गार संघ द्वारा अथक प्रयास कर वास्तविक अभ्यर्थी विशाल कुमार का फोटो जुटाया गया, जो परीक्षा दे रहे युवक के चेहरे से मेल नहीं खा रहा था। इसकी तत्काल सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम संदीप कुमार पुलिस बल के साथ दोपहर 12:30 बजे परीक्षा संपन्न होते ही केंद्र पर पहुंच गए।
🔴 पूछताछ में कबूला जुर्म, मुकदमा दर्ज
केंद्राध्यक्ष के कक्ष में जब संदिग्ध परीक्षार्थी से गहन पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थी की पहचान हिमांशु, निवासी ग्राम समसपुर, थाना नगीना, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। परीक्षा केंद्र प्रभारी व प्रधानाचार्य चंदन की तहरीर पर आरोपी फर्जी परीक्षार्थी हिमांशु के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस मामले में सॉल्वर गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।
