उत्तराखंड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संभावित उत्तराखंड दौरा, अक्तूबर में बाबा केदार के दर्शन और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की तैयारी,,,,
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी अक्तूबर माह में एक बार फिर बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए उत्तराखंड आ सकते हैं। प्रशासनिक स्तर पर 22 से 25 अक्तूबर के बीच उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर जोर-शोर से तैयारियां शुरू हो गई हैं।
“22 से 25 अक्तूबर के बीच प्रस्तावित है दौरा; टिहरी में 1000 मेगावाट के पंप स्टोरेज प्लांट के लोकार्पण की भी संभावना”
हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से अभी इस कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक शिड्यूल जारी होना बाकी है।
🟢 एसपीजी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। विशेष सुरक्षा दल (SPG) की टीम केदारनाथ धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और हेलीपैड सहित प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर चुकी है। स्थानीय प्रशासन भी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने में जुटा हुआ है।
🟢 बाबा केदार की पूजा-अर्चना और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाबा केदारनाथ के दर्शन व विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही वे केदारनाथ धाम में चल रहे मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का स्थलीय जायजा भी लेंगे। उल्लेखनीय है कि केदारनाथ पुनर्निर्माण परियोजना प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है।
🟢 टिहरी को मिल सकती है बड़ी ऊर्जा परियोजना की सौगात
सूत्रों के अनुसार, केदारनाथ धाम के दर्शन के अलावा प्रधानमंत्री टिहरी में स्थित टीएचडीसी (THDC) के 1,000 मेगावाट क्षमता वाले ‘पंप स्टोरेज प्लांट’ का लोकार्पण भी कर सकते हैं। यह परियोजना राज्य और देश की ऊर्जा आवश्यकताओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
🟢 धाम से रहा है गहरा आध्यात्मिक लगाव- अब तक 6 बार आ चुके हैं मोदी केदारनाथ
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी अब तक छह बार केदारनाथ धाम का दौरा कर चुके हैं। इससे पूर्व वे 21 अक्तूबर 2022 को भी बाबा केदार के धाम पहुंचे थे। उनका यह प्रस्तावित दौरा धाम के प्रति उनकी गहरी आस्था और राज्य में चल रहे विकास कार्यों को नई गति देने के रूप में देखा जा रहा है।

