देहरादून में 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन, 18 निजी कंपनियां 904 पदों पर करेंगी युवाओं का चयन,,,

देहरादून। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून की ओर से आगामी 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में संपन्न होगा।
🟢 18 निजी कंपनियों के माध्यम से 904 रिक्तियों पर होगा चयन
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में कुल 18 प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। इन कंपनियों के माध्यम से विभिन्न पदों पर कुल 904 रिक्तियों के लिए योग्य और इच्छुक अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इस मेले में देहरादून के साथ-साथ प्रदेश के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी हिस्सा ले सकते हैं।
🟢 पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज

युवाओं की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई है, साथ ही अभ्यर्थी मेले के दिन भी मौके पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे। मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपने साथ निम्नलिखित दस्तावेज लाने अनिवार्य हैं:
- अपना अपडेटेड बायोडाटा
- मूल शैक्षणिक एवं अन्य सभी प्रमाण-पत्र
- प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां (फोटोकॉपी)
- सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड
- एक वैध पहचान पत्र
सेवायोजन विभाग ने प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं से आह्वान किया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का पूरा लाभ उठाएं।
🟢 मेले में शामिल होने वाली प्रमुख कंपनियां
इस रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपॉवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार सहित अन्य कई जानी-मानी कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
🟢 दुबई में रोजगार का भी विशेष अवसर
इसके अलावा, उत्तराखंड सेवायोजन विभाग की ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ के अंतर्गत युवाओं को दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिल रहा है। इस योजना के लिए आईटीआई या आईटीआई प्रमाण-पत्र धारक युवा पात्र होंगे। इसमें फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह का अनुभव और न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
