उत्तराखंड के लक्सर पथरेश्वर महादेव मंदिर के दो साधुओं की हुई नृशंस हत्या, जंगल में दबे मिले शव, मुख्य पुजारी फरार, तलाश में पलिस टीम,,,

लक्सर (हरिद्वार)। पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या कर उनके शवों को पास के जंगल में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। घटना की भनक लगते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शवों को गड्ढे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
🔴 सेवादार की सूचना पर खुली पोल
मामले का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के एक सेवादार ने पथरी थाना पुलिस को दोनों साधुओं के अचानक लापता होने और उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सूचना दी। सूचना मिलते ही पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस बल और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई गई, जहां से दोनों लापता साधुओं के शव बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, साक्ष्य छिपाने की नीयत से हत्यारों ने शवों को दफना दिया था।
🔴 मुख्य पुजारी पर हत्या का संदेह, पुलिस की दबिश जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जो घटना के बाद से ही फरार चल रहा है। पुलिस की कई टीमें फरार पुजारी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
“साधुओं की हत्या कर शव गड्ढा खोदकर दबाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से पड़ताल कर रही है और जल्द ही इस पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।” –शेखर चंद सुयाल, एसपी देहात
घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और मुख्य पुजारी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के सटीक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
