उत्तराखंड हाईकोर्ट बेलबाबा शिफ्ट हुआ तो गौलापार में फिर शुरू हो सकेगा आईएसबीटी का निर्माण,,,

हल्द्वानी: उत्तराखंड हाईकोर्ट की शिफ्टिंग और आईएसबीटी निर्माण को लेकर एक बार फिर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। यदि बेलबाबा में हाईकोर्ट शिफ्टिंग के प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगती है, तो गौलापार में सालों से लटके अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) के निर्माण की उम्मीदें भी दोबारा जिंदा हो जाएंगी।
🟢 बेलबाबा में 64 हेक्टेयर भूमि का सर्वे, केंद्रीय मंत्रालय करेगा अंतिम फैसला
विभागीय जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम ने तीन महीने पहले भाखड़ा रेंज के प्लाट संख्या 46 और 47 का निरीक्षण किया था, जहाँ लगभग 64 हेक्टेयर वन भूमि खाली पड़ी है। इससे पहले, 2025 में मानसून सीजन के बाद 121 हेक्टेयर भूमि से पेड़ों का कटान किया गया था, जिससे सरकार को 73.10 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था।
वर्तमान में वन भूमि हस्तांतरण (Forest Land Transfer) की प्रक्रिया रेंज स्तर से शुरू होकर डिवीजन, सर्किल कार्यालय और मुख्यालय की ओर बढ़ रही है। इसके बाद नोडल स्टेट के माध्यम से अंतिम मंजूरी के लिए आवेदन केंद्रीय वन मंत्रालय को भेजा जाएगा।
🔴 गौलापार में आईएसबीटी को लेकर बढ़ी हलचल
गौलापार में 8 हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण के बाद साल 2016 में 75 करोड़ रुपये की लागत से आईएसबीटी का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन मई 2017 में यह प्रोजेक्ट बंद हो गया और सरकार को जमीन वापस वन विभाग को सौंपनी पड़ी। बाद में, हाईकोर्ट शिफ्टिंग के लिए गौलापार में सर्वे की गई 26 हेक्टेयर भूमि में इस आईएसबीटी वाले क्षेत्र को भी शामिल कर लिया गया था।
🔴 क्या है वर्तमान स्थिति?
- अधिकारियों का दौरा: इसी वर्ष शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग और परिवहन निगम के अधिकारियों ने आईएसबीटी के लिए हल्द्वानी में कई जगहों का निरीक्षण किया, जिसमें गौलापार का पुराना स्थल भी शामिल है।
- शासन को रिपोर्ट: अधिकारियों ने अपनी सर्वे रिपोर्ट शासन को भेज दी है, जिसमें पुराने स्थल का विशेष जिक्र किया गया है।
