उत्तराखंड में राहुल गांधी की आगामी रैली का बदला वेन्यू, सुरक्षा के दृष्टिगत परेड ग्राउंड की परमिशन रद्द, अब यहां होगा प्रोग्राम,,,,

देहरादून: उत्तराखंड में 17 जुलाई को प्रस्तावित राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ रैली अब परेड ग्राउंड के बजाय बन्नू स्कूल मैदान में होगी. प्रशासन ने पहले से चल रहे एक अन्य कार्यक्रम का हवाला देकर परेड ग्राउंड की अनुमति रद्द कर दी थी. इसके विरोध में कांग्रेस ने धरना दिया और सरकार पर जानबूझकर रोड़े अटकाने का आरोप लगाया।
उत्तराखंड में 17 जुलाई को प्रस्तावित राहुल गांधी की ‘छात्रों की गूंज’ रैली के लिए प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार से बन्नू स्कूल ग्राउंड पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पहले यह रैली परेड ग्राउंड में आयोजित होनी थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति रद्द कर दी. इसके बाद नए स्थान पर आयोजित राहुल की इस रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी तैयारियों में जुट गई है।

सूत्रों के अनुसार, उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव अभियान समिति, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सह-प्रभारी, मनोज यादव और अन्य नेताओं के साथ तैयारियों का जायजा लिया।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक गोदियाल ने आरोप लगाया कि निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद 15, 16 और 17 जुलाई के लिए अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन ने मैदान में पहले से चल रहे एक अन्य कार्यक्रम की अवधि 17 जुलाई तक बढ़ाए जाने का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता के कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अनुमति रद्द करने के लिए जिस कार्यक्रम का हवाला दिया गया, वह वास्तव में किसी दूसरे मैदान में आयोजित हो रहा था। उन्होंने कहा कि उस कार्यक्रम के आयोजकों को इस स्थान की न तो आवश्यकता थी और न ही उसके लिए अनुमति मांगी गई थी।
🟢 वैकल्पिक स्थान का किया चयन
परेड ग्राउंड में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आयोजित धरने के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने घोषणा की कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब वैकल्पिक स्थान के रूप में बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
गोदियाल ने कहा कि उनकी पार्टी परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित कर सकती थी और इस मुद्दे पर सरकार को कड़ी चुनौती भी दे सकती थी, लेकिन छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित करने का फैसला लिया गया।
