उत्तराखंड हरिद्वार में प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई, गोदाम पर छापेमारी में 5 हजार किलो प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक ज़ब्त, 1 लाख का किया चालान,,,

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में पर्यावरण संरक्षण और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने खड़खड़ी क्षेत्र में एक बड़े गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध सिंगल-यूज़ प्लास्टिक बरामद की है।
🔴 गुप्त सूचना पर संयुक्त टीम ने मारा छापा
नगर निगम को लंबे समय से खुफिया इनपुट मिल रहे थे कि घाट क्षेत्र और उसके आस-पास के बाजारों में छोटे दुकानदारों को बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पॉलीथीन और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक की सप्लाई की जा रही है। इस अवैध नेटवर्क का केंद्र खड़खड़ी स्थित एक गोदाम को बताया जा रहा था। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद नगर निगम ने तहसील प्रशासन और पुलिस बल के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया।
🔴 धर्मशाला के सामने घर में बना था गोदाम
प्रशासनिक टीम ने खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने नानक चंद नामक व्यक्ति के आवास पर बने गोदाम पर औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम को मौके से 5,000 किलोग्राम (5 टन) प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक बरामद हुई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए समस्त अवैध स्टॉक को ज़ब्त कर लिया और संबंधित व्यक्ति पर नियमों के उल्लंघन के लिए 1,00,000 रुपये का चालान भी ठोका।
🔴 गंगा और पर्यावरण को पहुंच रहा था नुकसान
अधिकारियों के मुताबिक, इसी गोदाम से सप्लाई होने वाली प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य बड़े धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के दौरान भारी मात्रा में कचरे और गंभीर पर्यावरण प्रदूषण का मुख्य कारण बन रही थी। इस पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम पिछले काफी समय से इस संदिग्ध ठिकाने पर नजर रखे हुए था।
🔴 आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। नगर निगम प्रशासन ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह सघन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
