उत्तरकाशी डॉ. अंबेडकर छात्रावास में खराब भोजन की शिकायत पर DM का कड़ा रुख, कैटरर से किया स्पष्टीकरण तलब,,,,

उत्तरकाशी। स्थानीय डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास में छात्रों को दूषित और गुणवत्ताविहीन भोजन परोसे जाने की शिकायत को जिला प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार ने बुधवार को छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के निर्देश देते हुए भोजन उपलब्ध कराने वाले निविदादाता (कैटरर) से स्पष्टीकरण मांगा है।
🔴 रसोई की स्वच्छता और कड़े मानकों पर जोर
निरीक्षण के दौरान छात्रावास के अधीक्षक व अधीक्षिका की मौजूदगी में मेस और परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन रसोईघर और भोजनालय की गहन सफाई की जाए। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है ताकि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता न हो।
🔴 छात्र खुद करेंगे भोजन की निगरानी- बनेगी विशेष समिति
भोजन व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए प्रशासन ने एक अनोखी पहल की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने छात्र-छात्राओं की एक विशेष भोजन निगरानी समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति प्रतिदिन परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की खुद जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट सीधे छात्रावास अधीक्षक तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी को सौंपेगी।
🔴 लापरवाही पर मिलेगी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने साफ किया है कि छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता या प्रबंधन में किसी भी स्तर पर ढिलाई पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और कैटरर के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
