उत्तराखंड में मानसून की दस्तक, देहरादून-बागेश्वर समेत कई जिलों में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’,,,,

देहरादून: लंबे इंतजार के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तराखंड में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर लिया है। मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र (देहरादून) ने शुरुआती दिनों में ही राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस साल मानसून तय समय से थोड़ा विलंब से पहुंचा है और पूरे सीजन में सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान है।
🟢 आज (2 जुलाई) के लिए मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट भी प्रभावी है।
- ऑरेंज अलर्ट वाले मुख्य जिले: देहरादून, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल। इन क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का सबसे ज्यादा खतरा है।
- भारी बारिश की संभावना (येलो अलर्ट): हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपासत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़।
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 3 और 4 जुलाई को भी प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिसके लिए अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
🟢 जून महीने में सामान्य से कम रही वर्षा
मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष जून महीने में उत्तराखंड में उम्मीद से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। जून में अमूमन 132 मिलीमीटर सामान्य वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन इस बार केवल 83 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई है।
🔴 प्रशासन और मौसम विभाग की ज़रूरी एडवाइजरी
- नदी-नालों, बरसाती गदेरों और जलभराव वाले क्षेत्रों के किनारे जाने से सख्त परहेज करें।
- पहाड़ी और भूस्खलन (Landslide) संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा करने से बचें।
- वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और खराब मौसम में खुले स्थानों पर खड़े न हों।
- स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी होने वाले ताजा अपडेट्स पर लगातार नजर बनाए रखें।
