उत्तराखंड खटीमा में सीएम धामी का ऐतिहासिक तीन दिवसीय प्रवास, ‘प्रगति पथ यात्रा’ का किया नेतृत्व, ‘मुख्य सेवक आपके द्वार’ से साधा जनसंवाद,,,

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में एक विशेष गरिमामयी कार्यक्रम में शासन-प्रशासन के आला अधिकारियों सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह क्षेत्र खटीमा के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान क्षेत्र को विकास की नई सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने ‘प्रगति पथ यात्रा’ और ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ जैसे विशाल जनसंवाद कार्यक्रमों में शिरकत की। इन कार्यक्रमों में स्थानीय नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अमले का भारी हुजूम उमड़ा।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राज्य के चहुंमुखी विकास, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के सरकार के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के निस्तारण और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनता की भी भारी मौजूदगी रही।

🟢 हाथ में तिरंगा थामे ‘प्रगति पथ यात्रा’ पर निकले मुख्यमंत्री
प्रवास के मुख्य आकर्षणों में रही ‘प्रगति पथ यात्रा’ का नेतृत्व स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। हाथ में तिरंगा झंडा थामे सीएम धामी लोहियाहेड मैदा मिल परिसर से पैदल यात्रा पर निकले। नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी इस यात्रा के दौरान स्थानीय जनता ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान सीएम ने केंद्र की मोदी सरकार के ऐतिहासिक कार्यकाल की उपलब्धियां भी जनता के सामने रखीं।
🟢 ’मुख्य सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम में योजनाओं का निरीक्षण
बगुलिया स्थित शहीद हरी किशन शिक्षण संस्थान में ‘जन-जन की सरकार, मुख्य सेवक आपके द्वार’ जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहाँ मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की प्रदर्शनियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिलाओं के आत्मनिर्भर प्रयासों की जमकर सराहना की।

🟢 लाभार्थियों को बांटी महालक्ष्मी किट और छात्रवृत्ति
जनकल्याण को समर्पित इस कार्यक्रम के मंच से मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया:
-
- गर्भवती महिलाओं को पोषण और देखभाल के लिए ‘मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट’ वितरित की गईं।
- मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रवृत्ति राशि के चेक सौंपे गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का वक्तव्य:“हमारी सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। ‘मुख्य सेवक आपके द्वार’ अभियान का मकसद शासन और प्रशासन को सीधे जनता के बीच लाना है, ताकि किसी भी गरीब को अपने हक के लिए भटकना न पड़े। खटीमा की जनता का यह अपार स्नेह हमें उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए नई ऊर्जा देता है।”

