उत्तराखंड हरिद्वार में वीकेंड और सोमवती अमावस्या पर उमड़ेगी लाखों की भीड़, पुलिस ने जारी किया त्रिदिवसीय मेगा ट्रैफिक प्लान लागू,,,,

हरिद्वार। वीकेंड (शनिवार-रविवार) और सोमवती अमावस्या के पवित्र स्नान पर्व के महासंयोग को देखते हुए तीर्थनगरी हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। संभावित भारी भीड़ और यातायात के अत्यधिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस ने कानून व्यवस्था व सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए 13, 14 और 15 जून के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके साथ ही आम जनता और वाहन चालकों से नियमों का पालन करने तथा पुलिस व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
🔴 सीमाओं पर रोके जाएंगे भारी वाहन, रूट डायवर्जन लागू
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहनों का दबाव बढ़ते ही भारी वाहनों को हरिद्वार की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। सामान्य स्थिति में दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। हालांकि, अत्यधिक दबाव होने पर इन वाहनों को नगला इमरती से ही डायवर्ट कर लक्सर, फेरूपुर, गाजीपुर और सतीचौक होते हुए सीधे बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
इसके अलावा, 13 जून को सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक और 14 जून सुबह 6:00 बजे से लेकर 15 जून को सोमवती अमावस्या स्नान पर्व की समाप्ति तक पूरे शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
🟢 विभिन्न राज्यों व शहरों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग रूट से आने वाले वाहनों के लिए निम्नलिखित पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं:
- दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर एवं पंजाब मार्ग: इन क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को अलकनंदा, दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग में जगह दी जाएगी। अत्यधिक भीड़ होने पर वैकल्पिक मार्ग (नगला इमरती-लक्सर-फेरूपुर) से आने वाले वाहन बैरागी कैंप पार्किंग में खड़े होंगे।
- देहरादून और ऋषिकेश मार्ग: इस रूट से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लालजीवाला, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है। दबाव बढ़ने पर देहरादून-ऋषिकेश जाने वाली निजी बसों को मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा और चीला मार्ग का उपयोग केवल निकासी (एग्जिट रूट) के लिए होगा।
- मुरादाबाद एवं नजीबाबाद मार्ग: इस मार्ग से आने वाले छोटे वाहनों को दीनदयाल, पंतदीप और चमगादड़ टापू पार्किंग में भेजा जाएगा, जबकि बड़े वाहनों के लिए नीलधारा-गौरीशंकर पार्किंग तय की गई है।
🟢 चारधाम यात्रियों के लिए विशेष मार्ग निर्धारण
चारधाम यात्रा से लौटने वाले अथवा जाने वाले यात्रियों के लिए भी यातायात पुलिस ने विशेष कॉरिडोर तैयार किया है:
- चारधाम मार्ग से दिल्ली-मेरठ जाने वाले वाहन: देहरादून/ऋषिकेश से नेपाली फार्म, रायवाला, चंडीचौक होकर एनएच-344 के माध्यम से सीधे मेरठ और दिल्ली की तरफ निकल सकेंगे।
- चारधाम मार्ग से नजीबाबाद जाने वाले वाहन: इन्हें देहरादून/ऋषिकेश से नेपाली फार्म, रायवाला, चंडीचौक और श्यामपुर होते हुए नजीबाबाद भेजा जाएगा।
🔴 ऑटो, विक्रम और लोकल ट्रांसपोर्ट के लिए सख्त नियम
शहर के भीतर स्थानीय यातायात को नियंत्रित करने के लिए ऑटो और विक्रम के संचालन पर सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं। यातायात का दबाव बढ़ते ही देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो व विक्रम केवल जयराम मोड़ तक ही आ सकेंगे और वहीं से यात्रियों को उतारकर वापस लौटेंगे।
🔴 इस क्षेत्र में इन वाहनों का रहेगा विशेष निषेध
ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तिराहे तक सभी प्रकार के ऑटो, विक्रम और टैक्सियों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, रानीपुर मोड़ से बस अड्डे होते हुए शिवमूर्ति जाने वाले ऑटो और विक्रमों को तुलसी चौक से वापस डाइवर्ट कर दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने 14 जून की रात 8:00 बजे से सभी बसों, ट्रैक्टरों और बड़े यात्री वाहनों को हनुमान वाटिका होते हुए चमगादड़ टापू पार्किंग में पार्क कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि 15 जून की सुबह सोमवती अमावस्या स्नान के मुख्य पर्व पर मुख्य मार्गों को पूरी तरह सुगम रखा जा सके।
