उत्तराखंड कनखल में नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बिहार निवासी को पॉक्सो एक्ट में दबोचा, बिना सत्यापन किरायेदार न रखने की दी सख्त हिदायत,,,

हरिद्वार/कनखल। धार्मिक नगरी हरिद्वार के कनखल क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक ही मकान में रहने वाले किरायेदार ने 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। परिजनों की सजगता के चलते आरोपी को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया गया। नाबालिग के पिता की तहरीर पर कनखल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
🔴 परिजनों ने रंगे हाथों दबोचा, पुलिस ने गठित की त्वरित टीम

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार कनखल क्षेत्र के एक मकान में किराये पर रहता है। इसी मकान के दूसरे कमरे में आरोपी भी किरायेदार के रूप में रह रहा था। बीती 15 मई को आरोपी ने नाबालिग बालिका के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ करने का प्रयास किया, जिसे परिजनों ने मौके पर ही देख लिया और उसे पकड़ लिया।
नाबालिग के पिता द्वारा कोतवाली कनखल में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के तहत मु०अ०सं० 170/26 पंजीकृत किया। महिला अपराध और नाबालिग से जुड़ा संवेदनशील मामला होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के कड़े निर्देशों पर प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
🔴 आरोपी का विवरण

पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान राजनाथ सिंह (उम्र 42 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय देव कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम जमीरा, थाना मोफासिल, जिला भोजपुर (आरा), बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में देवनगर कॉलोनी, कनखल, हरिद्वार में रह रहा था।
🔴 हरिद्वार पुलिस की आम जनता को सख्त नसीहत

इस घटना के बाद हरिद्वार पुलिस ने मकान मालिकों और आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि कोई भी मकान मालिक बिना पूरी जांच-पड़ताल और अनिवार्य पुलिस सत्यापन (Police Verification) के किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपने घर में किरायेदार के रूप में न रखें। ऐसा न करने पर भविष्य में बड़ी आपराधिक घटनाएं घटित हो सकती हैं, जिसके लिए मकान मालिक की लापरवाही भी जिम्मेदार मानी जाएगी।
🔴 पुलिस टीम

आरोपी को अविलंब दबोचने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से महिला उपनिरीक्षक (म०उ०नि०) सीमा आर्य, हेड कांस्टेबल कपिल देव चौहान, कांस्टेबल धीरज कण्डारी और कांस्टेबल सुनील चौहान शामिल रहे।
