पर्यटक सावधान, उत्तराखंड में हुआ ‘वीकेंड ट्रैफिक प्लान’ लागू , मसूरी, ऋषिकेश और देहरादून जाने से पहले असुविधा से बचने हेतु पढ़े रूट की पूरी जानकारी,,,,

देहरादून। 2 मई, 2026: पर्यटकों की भारी आमद और सप्ताहांत (Weekend) की भीड़ के दृष्टिगत उत्तराखंड पुलिस प्रशासन ने देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश के लिए विशेष ‘ट्रैफिक सर्कुलेशन प्लान’ जारी किया है। यह योजना 01 मई से 03 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सुगम यातायात सुनिश्चित करना और संवेदनशील स्थलों पर जाम की स्थिति को रोकना है।
प्रमुख रूट प्लान: दिल्ली-यूपी से मसूरी/चकराता का सफर
बाहरी राज्यों (दिल्ली, हरियाणा, यूपी, हिमाचल) से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण किया गया है:
- प्लान A: डाटकाली (एक्सप्रेस-वे) से आने वाले वाहन आईएसबीटी, बल्लूपुर, और जोहड़ी तिराहा होते हुए पुरकुल गांव के रास्ते मसूरी पहुंचेंगे।
- प्लान B (दबाव की स्थिति में): वाहनों को बीजापुर गांव और किमाड़ी मार्ग से हाथीपांव होते हुए मसूरी भेजा जाएगा।
- चकराता हेतु: डाटकाली से नया गांव और लांघा रोड होते हुए रूट निर्धारित किया गया है।
वापसी का मार्ग (मसूरी से वापसी)
जाम से बचने के लिए वापसी हेतु वन-वे व्यवस्था लागू की गई है:
- हिमाचल/दिल्ली: कुठालगेट से पुराना राजपुर रोड और सांई मंदिर होते हुए बल्लूपुर की ओर।
- ऋषिकेश: मसूरी से कुठालगेट, मालदेवता और थानों रोड होते हुए भानियावाला की ओर।
ऋषिकेश हेतु त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा (Plan A, B और C)
ऋषिकेश में भीड़ के दबाव के आधार पर तीन चरणों में ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा:
- Plan A (सामान्य): हरिद्वार से आने वाले वाहन नेपाली फार्म, श्यामपुर और नटराज चौक होते हुए तपोवन की ओर जाएंगे।
- Plan B (अधिक दबाव): वाहनों को भानियावाला-रानीपोखरी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा।
- Plan C (अत्यधिक दबाव): बड़े वाहनों को नेपाली फार्म से ही देहरादून की ओर मोड़ दिया जाएगा और भारी वाहनों की एंट्री केवल रात में नो-एंट्री खुलने पर होगी।
देहरादून शहर और पर्यटन स्थलों पर सख्ती
- मॉल और बाजार: पैसिफिक और सेन्ट्रियो मॉल के पास भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक को कैनाल रोड और बिंदाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- पर्यटन स्थल: सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी (रोबर्स केव) में पार्किंग फुल होने पर बैरियर लगाकर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
- जीरो जोन: ऋषिकेश में चन्द्रभागा पुल से जयराम आश्रम तक ऑटो/विक्रम के लिए ‘जीरो जोन’ घोषित किया गया है।
पार्किंग की समुचित व्यवस्था
प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों में सरकारी व निजी पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया है:
- देहरादून: रेंजर्स ग्राउंड, परेड ग्राउंड, और कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग।
- मसूरी: किंग क्रेग, टाउन हॉल, और पिक्चर पैलेस पार्किंग। (नोट: मसूरी में 90% पार्किंग फुल होने पर ‘प्लान-बी’ के तहत पर्यटकों को किंग क्रेग से टैक्सी द्वारा भेजा जाएगा)।
- विकासनगर: मेला ग्राउंड बाड़वाला और हरबर्टपुर बस स्टैंड।
प्रशासन की अपील और एडवाइजरी
”ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को किसी भी मार्ग पर नहीं रोका जाएगा। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन द्वारा टो किया जाएगा। पर्यटकों से अनुरोध है कि वे धैर्य बनाए रखें और अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करें।”
