उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलेगा, अगले 24 घंटे में बारिश के आसार; 16–18 अप्रैल फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि इसके बाद आगामी तीन दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 16 से 18 अप्रैल के बीच फिर से बारिश का दौर लौट सकता है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊपर एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। साथ ही, 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम फिर से अस्थिर होगा।
अगले 24 घंटों में उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 13, 14 और 15 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और किसी प्रकार की वर्षा नहीं होगी। इसके बाद 16 अप्रैल से एक बार फिर मौसम बदलने लगेगा। इस दौरान उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
17 और 18 अप्रैल को भी इन्हीं जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
उत्तर-पश्चिमी भारत के अन्य हिस्सों की बात करें तो 15 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बदलेगा। 14 से 18 अप्रैल के बीच इन क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 12 से 14 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज पछुआ हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लेने को कहा गया है।
