उत्तराखंड कुंभ मेला–2027 की तैयारियां तेज: हरिद्वार में देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान की रूपरेखा तय,,,

हरिद्वार। कुंभ मेला–2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार कुंभ मेले में उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली देव डोलियों की भव्य शोभायात्रा और गंगा स्नान विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था को देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित करने के उद्देश्य से मेला प्रशासन ने इस दिव्य आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन, हरिद्वार में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में देव डोलियों के स्नान और शोभायात्रा की रूपरेखा के साथ-साथ व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें जनप्रतिनिधियों, लोक संस्कृति से जुड़ी समितियों के पदाधिकारियों, मेला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में शोभायात्रा की तिथि, आवागमन मार्ग, ठहराव स्थलों की व्यवस्था और पारंपरिक शोभायात्रा के संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से देश-दुनिया के लोग उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं, लोक संस्कृति और आस्था से रूबरू होंगे। उन्होंने बताया कि कुंभ मेला–2027 के दौरान देव डोलियों की शोभायात्रा और गंगा स्नान कार्यक्रम को पूरी भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
बैठक में लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत ने कहा कि राज्य सरकार कुंभ मेले के अवसर पर देव डोलियों के स्नान और शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही देव डोलियों के प्रतिनिधियों, शोभायात्रा समिति और अन्य संबंधित पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि देव डोलियों के आगमन से पहले संबंधित क्षेत्रों और समितियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में कार्यक्रम के समन्वय के लिए संयोजक नामित किए जाएंगे। साथ ही कुंभ की परंपराओं और लोक मान्यताओं के अनुरूप शुभ मुहूर्त के आधार पर कार्यक्रम की तिथि अलग से निर्धारित की जाएगी। देव डोलियों के आगमन के अवसर पर हरिद्वार में उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बैठक में कुंभ मेला–2027 की तैयारियों और देव डोलियों के स्नान से संबंधित प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, देवभूमि लोक संस्कृति विरासत शोभायात्रा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, हरिशंकर जोशी, डॉ. एस.एस. रतूड़ी, डॉ. आर.पी. रतूड़ी, द्वारिका प्रसाद भट्ट, विपिन जोशी, भोपाल सिंह चौधरी, संजय पालीवाल सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
