उत्तराखंड सरकार में विभागों का पुनर्गठन, गृह सहित मुख्यमंत्री ने अपने पास रखे शासन के अहम विभाग,,,,,

देहरादून। उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। जारी सूची के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण तथा सूचना एवं जनसंपर्क जैसे प्रमुख विभाग अपने पास रखे हैं। शासन संचालन की दृष्टि से इन विभागों को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि इनके माध्यम से प्रशासनिक फैसलों, सरकारी तंत्र और कानून-व्यवस्था पर सीधा नियंत्रण सुनिश्चित होता है।
वहीं अन्य विभागों का दायित्व मंत्रियों के बीच बांटते हुए उन्हें उनके-अपने कार्यक्षेत्र सौंपे गए हैं, ताकि विभागीय कार्यों का प्रभावी संचालन किया जा सके। सूत्रों के अनुसार नए विभागीय बंटवारे से सरकार के भीतर बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद है और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
हाल ही में मुख्यमंत्री ने कैबिनेट का विस्तार करते हुए विधायक खजान दास, मदन कौशिक, भरत सिंह चौधरी, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है। दरअसल, मंत्रिमंडल में लंबे समय से पाँच पद रिक्त चल रहे थे। इनमें तीन पद पहले से खाली थे, एक पद पूर्व मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद रिक्त हुआ था, जबकि एक पद प्रेम चंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली हो गया था। इन परिस्थितियों में कई विभागों की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री के पास ही थी।
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से विभागों का यह बंटवारा संतुलन साधने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए विभागों का पुनर्गठन किया गया है, ताकि शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी और संतुलित ढंग से संचालित हो सके।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री द्वारा महत्वपूर्ण प्रशासनिक विभाग अपने पास रखना एक रणनीतिक कदम है। इससे शासन की मुख्य कमान सीधे मुख्यमंत्री के नियंत्रण में बनी रहेगी, जबकि अन्य विभाग मंत्रियों को सौंपकर कार्यों का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया गया है।
