रुद्रपुर में जूते की दुकान के भीतर चली गोली, युवा कारोबारी गंभीर हालत में एम्स रेफर,सीसीटीवी बंद मिलने से मामला संदिग्ध, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच,,,,
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर): उत्तराखंड के जनपद उधम सिंह नगर के रुद्रपुर शहर में एक बार फिर गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित “किक्स विला” नामक जूते की दुकान के भीतर 25 वर्षीय युवा कारोबारी ध्रुव चावला संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनकी कनपटी पर लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और हालत नाजुक होने पर एम्स रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदर्श कॉलोनी निवासी ध्रुव चावला स्वर्गीय अनिल चावला के पुत्र हैं और अपने पार्टनर हरजिंदर के साथ दुकान का संचालन करते थे। सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे उन्होंने अपनी मां से फोन पर बात कर जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन साढ़े दस बजे तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनकी मां ने उनके पार्टनर को दुकान पर जाकर देखने को कहा।
जब हरजिंदर दुकान पहुंचे तो भीतर का दृश्य बेहद चौंकाने वाला था। ध्रुव चावला खून से लथपथ बेसुध अवस्था में दुकान के अंदर पड़े मिले और उनकी कनपटी पर गोली का निशान था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया।
मौके पर पहुंचे प्रशांत कुमार ने बताया कि घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने दुकान से एक अवैध पिस्टल बरामद की है, जिसे कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि घटना के समय दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे, जिससे पूरा मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना या किसी आपराधिक साजिश—तीनों पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के दुकानदारों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जा सकेगा। फिलहाल इस घटना के बाद शहर में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है,
