उत्तराखंड ढाई साल से ड्यूटी से गायब कांस्टेबल पर सख्त एक्शन, SSP ने किया पुलिस सेवा से बर्खास्त,,,,
देहरादून: देहरादून में अनुशासनहीनता के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे एक कांस्टेबल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस लाइन देहरादून में तैनात कांस्टेबल अनिल सिंह को 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जनपद चमोली भेजा गया था, लेकिन उन्होंने निर्धारित स्थान पर ड्यूटी जॉइन नहीं की। इसके बाद वह लगातार 65 दिनों तक बिना अनुमति के अनुपस्थित रहे और 20 जून 2023 को देहरादून में उपस्थिति दर्ज कराई।
मामला यहीं नहीं रुका। 1 सितंबर 2023 को कांस्टेबल अनिल सिंह एक बार फिर पुलिस लाइन में सुबह की गणना से अनुपस्थित हो गए और इसके बाद आज तक उन्होंने अपनी ड्यूटी पर वापसी नहीं की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच सीओ लाइन को सौंपी गई। विभागीय जांच के दौरान संबंधित कांस्टेबल ने न तो जांच में सहयोग किया और न ही कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत किया। जांच अधिकारी द्वारा पूरी प्रक्रिया संपन्न कर रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत की गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर देहरादून एसएसपी अजय सिंह ने विभागीय कार्रवाई पर अंतिम निर्णय लेते हुए कांस्टेबल अनिल सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया।
एसएसपी अजय सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग, जिम्मेदार और अनुशासन में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस तरह के मामलों में और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

