उत्तराखंड हरिद्वार में DM के आदेश पर नेहा झा ने 185 लग्जरी बसों का किया चालान, 16 वाहन सीज और तीन की फिटनेस मिली निलंबित,,,

हरिद्वार। जिले में लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस दौरान कुल 185 वाहनों के चालान किए गए और 16 बसों को सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन ने बसों की तकनीकी और सुरक्षा मानकों की जांच की। एआरएम रोडवेज विशाल कुमार के नेतृत्व में बसों के संचालन, संरचना, यात्री क्षमता और संबंधित अभिलेखों की भी जांच हुई। चेकिंग के दौरान वाहनों की संरचना में अनधिकृत परिवर्तन के मामले सामने आए, और निर्धारित बस बॉडी कोड का उल्लंघन व क्षमता से अधिक यात्री परिवहन भी पाया गया। ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी अनियमितताएं और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन भी पाए गए।
तकनीकी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है। परिवहन कर अधिकारी अरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण और हरीश सती ने भी विभिन्न स्थानों पर जांच में सक्रिय भूमिका निभाई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा ने बस संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वाहनों का संचालन स्वीकृत संरचना और निर्धारित यात्री क्षमता के अनुरूप ही सुनिश्चित किया जाए। बस बॉडी कोड और अन्य वैधानिक सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वाले या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षित और नियमसम्मत यात्रा सुनिश्चित करना है। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों के पालन को बढ़ावा दिया जा सके।

