उत्तराखंड देहरादून में पुष्कर सिंह धामी ने ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का नेतृत्व कर राज्य के विकास और राष्ट्रभक्ति पर दिया जोर,,,

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क में आयोजित भव्य ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का नेतृत्व किया और प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में राष्ट्रध्वज फहराने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने घंटाघर के समीप उत्तराखंड आंदोलन के पुरोधा स्व. इंद्रमणि बडोनी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वे गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ तिरंगा यात्रा में पैदल चले।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने देवभूमि के वीरों को नमन करते हुए कहा कि राज्य का हर दूसरा परिवार सीमा सुरक्षा से जुड़ा है और सरकार पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

राज्य के विकास का खाका पेश करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उत्तराखंड ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पिछले एक साल में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है।
प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत का सुधार आया है। सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड ने देश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा, राज्य में पारदर्शी व्यवस्था और सख्त नकल विरोधी कानून के बल पर पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और कानून व्यवस्था पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि के मूल स्वरूप से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। राज्य सरकार ने देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने के साथ ही कड़ा धर्मांतरण विरोधी और दंगा रोधी कानून बनाया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मदरसा बोर्ड को समाप्त कर ‘उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण’ का गठन किया गया है, जिसके तहत 250 से अधिक अवैध मदरसों को बंद कराया गया।
सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत करीब 13 हजार एकड़ से अधिक जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है। इस दौरान राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
