उत्तराखंड ठेली पर टंकी लगाने को लेकर हुए विवाद और मामूली कहासुनी पर तमंचे से फायरिंग, महिला को लगे छर्रे, तीन गिरफ्तार,,,

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के सामने गेट नंबर चार के पास चाय की ठेली चलाने वाले सुभाष पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच युवकों ने तमंचे से छह-सात फायर किए, जिससे ठेली संचालक की पत्नी मुस्कान के पैर की उंगली में छर्रे लग गए। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
ठेली पर टंकी लगाने को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, कड़च्छ निवासी सुभाष की रेलवे स्टेशन के गेट नंबर चार के सामने चाय की ठेली है, जिसे वह अपनी पत्नी मुस्कान के साथ चलाते हैं। 10 सितंबर की रात लगभग वह ठेली पर ग्राहकों को चाय पिला रहे थे, तभी वहां दो मोटरसाइकिलों पर पांच युवक (प्रवेश गुप्ता, लक्ष्मण, अंकुर, सौरभ और शिवम) पहुंचे। सुभाष ने बताया कि ठेली पर टंकी लगाने को लेकर प्रवेश से पहले कहासुनी हुई थी, क्योंकि प्रवेश उनकी अच्छी बिक्री होने के कारण ठेली को वहां से हटाना चाहता था। विवाद बढ़ने पर प्रवेश गुप्ता ने तमंचा निकालकर ठेली की ओर छह-सात फायर कर दिए, जिसके दौरान सुभाष की पत्नी मुस्कान के दाहिने पैर में छर्रे लग गए।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
शुक्रवार को तहरीर मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गईं। शनिवार को टिबड़ी रोड पर रेलवे कॉलोनी जाने वाले तिराहे के पास कच्चे रास्ते से आरोपी सौरभ कुमार, शिवम (निवासी गांव सिमली, लक्सर) और प्रवेश गुप्ता (निवासी गांव संवायजपुर, जिला हरदोई, यूपी) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रवेश गुप्ता के कब्जे से एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेजी से की जा रही है।
