उत्तराखंड के मेधावी विद्यार्थियों के लिए ‘भारत दर्शन’ शैक्षिक भ्रमण का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने दी शुभकामनाएं,,,,

देहरादून। कीर्तिनगर विकासखंड अंतर्गत स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के ‘भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण’ के 10वें संस्करण के तहत भ्रमण पर जाने वाले 68 मेधावी विद्यार्थियों के दल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद किया, जिन्होंने उनकी यात्रा तैयारियों का जायजा लिया और उन्हें अपने जीवन में बड़े उद्देश्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
🟢 भ्रमण से विद्यार्थियों के दृष्टिकोण में होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षिक भ्रमण युवाओं को देश की समृद्ध संस्कृति, इतिहास, विज्ञान, तकनीक और विविधता को करीब से जानने का अनमोल अवसर देते हैं। यह अनुभव उनके ज्ञान को कक्षा की चार दीवारों से बाहर निकालकर उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे यात्रा के दौरान देश के प्रतिष्ठित संस्थानों और विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं का अध्ययन करें तथा अपने अनुभवों को साथियों के साथ साझा करें।
🟢 विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड की अग्रणी भूमिका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकास के हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड के देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने, देश का पहला समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला राज्य बनने और सख्त नकल विरोधी कानून के सफल क्रियान्वयन का विशेष उल्लेख किया।
🟢 विधायक विनोद कंडारी की अनूठी पहल की सराहना
मुख्यमंत्री ने इस प्रेरणादायक पहल के लगातार 10 सफल वर्ष पूरे होने पर देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण व दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो रही है। विधायक विनोद कंडारी ने इस अवसर पर कहा कि इस पहल की शुरुआत में कई चुनौतियां थीं, लेकिन आज इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जिससे प्रेरित होकर क्षेत्र के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं में 96 प्रतिशत तक अंक हासिल कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि और अधिकारी उपस्थित रहे।
