उत्तराखंड हरिद्वार में हुई सनसनीखेज वारदात, शांतरशाह में बाइक मैकेनिक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर आरोपी फरार, इलाके में सनसनी,,,

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शांतरशाह गांव में सोमवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बाइक मैकेनिक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान हैप्पी के रूप में हुई है, जो शांतरशाह गांव में ही अपनी बाइक मरम्मत की दुकान चलाता था। सोमवार को वह अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी अचानक दो बदमाश बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। बिना किसी पूर्व विवाद के बदमाशों ने हैप्पी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से आसपास के क्षेत्र में भगदड़ मच गई। गंभीर रूप से घायल होकर हैप्पी मौके पर ही गिर पड़ा और जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, तब तक हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
वारदात के बाद पुलिस हरकत में आ गई और आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रमुख मार्गों तथा संदिग्ध स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है, साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हत्या के पीछे की असली वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है। पुलिस मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर पुरानी रंजिश या अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
