उत्तराखंड हरिद्वार में लापरवाही की हद, तेज रफ्तार कार ने 15 वर्षीय किशोरी को कुचला, आरोपी चालक की तलाश जारी,,,

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने 15 वर्षीय किशोरी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक किशोरी को कार से घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गया। गंभीर रूप से घायल किशोरी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी चचेरी बहन आकांक्षी (15) 30 अगस्त की रात अपनी मां और मामा आदि के साथ ज्वालापुर रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थी। जैसे ही वे महफिल रेस्टोरेंट के सामने रविदास चौक अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति में आ रही काले रंग की कार ने आकांक्षी को जोरदार टक्कर मार दी।
चालक ने वाहन नहीं रोका और किशोरी को घसीटते हुए, महफिल रेस्टोरेंट से कटहरा बाजार स्थित आशु गारमेंट्स के कट तक ले गया। हादसे में किशोरी को गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे रानीपुर मोड़ स्थित सिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सीओ संजय चौहान ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपी चालक व वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
