उत्तराखंड सरकार का बड़ा कदम, मुख्यमंत्री ने किया युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं मुफ्त कोचिंग,,,,

देहरादून: राज्य के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अब और अधिक सुगम हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और उच्च गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
🟢 दूरदराज के छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
यह योजना विशेष रूप से उन प्रतिभाशाली छात्रों पर केंद्रित है जो आर्थिक तंगी के कारण या अपने क्षेत्रों में बेहतर कोचिंग संस्थानों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित रह जाते थे। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अब उच्च स्तरीय मार्गदर्शन के लिए देहरादून या दिल्ली जैसे बड़े महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वे घर बैठे ही विषय विशेषज्ञों से तैयारी के जरूरी संसाधन प्राप्त कर सकेंगे।
🟢 किन परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी?
इस महत्वाकांक्षी योजना के दायरे में देश और राज्य स्तर की कई प्रमुख परीक्षाएं शामिल की गई हैं, जिनका विवरण निम्नलिखित है:
- सिविल सेवा परीक्षाएं: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC)
- चयन बोर्ड परीक्षाएं: बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC)
- रक्षा सेवाएं: विभिन्न रक्षा सेवा भर्ती परीक्षाएं
- उच्च शिक्षा एवं फेलोशिप: सामान्य प्रवेश परीक्षा (CUET), प्रबंधन अभिरुचि परीक्षा (CAT/MAT), अभियांत्रिकी स्नातक अभिरुचि परीक्षा (GATE), राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (UGC NET) और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR NET)
डिजिटल माध्यम से मिलने वाली इस सुविधा से उत्तराखंड के युवाओं का समय और धन दोनों बचेगा, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपने करियर और भविष्य को एक नई दिशा दे सकेंगे।
