उत्तराखंड देहरादून में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित सीमेंट से भरा ट्रक पलटने से बाइक सवार की मौके पर मौत, एक घायल,,,,

देहरादून। शहर के मोहब्बेवाला क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। आशारोड़ी से देहरादून की ओर आ रहा सीमेंट से भरा एक अनियंत्रित ट्रक ढाल के पास बेकाबू होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसके अलावा, चार अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
🔴 हादसे के वजह

देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहब्बेवाला ढाल पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चार अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, आशारोड़ी से आ रहा सीमेंट से भरा ट्रक एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया और संतुलन बिगड़ने के कारण लगभग 1 किलोमीटर तक घिसटता हुआ चला गया, जिससे बीच की डिवाइडर रेलिंग भी टूट गई। इस दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और ट्रक का वजन अत्यधिक होने के कारण पुलिस व राहत टीमों को क्रेन की मदद से उसे हटाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
🔴 पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पटेल नगर कोतवाली पुलिस, क्लेमेंटटाउन पुलिस, ट्रैफिक कंट्रोल, फायर सर्विस और आपदा नियंत्रण बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। क्षेत्राधिकारी सदर, अंकित कंडारी ने बताया कि मृतक की पहचान और अन्य औपचारिकताओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू कर दिया है और हादसे के असल कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
